मुजफ्फरपुर में अधिवक्ता से लूटपाट और मारपीट पर राजद का आक्रोश, कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
- Post By Admin on Jun 14 2026
मुजफ्फरपुर: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अधिवक्ता प्रकोष्ठ, मुजफ्फरपुर के जिलाध्यक्ष संतोष बसंत ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रकोष्ठ के महासचिव अधिवक्ता प्रेम कुमार पंकज के साथ हुई लूटपाट एवं मारपीट की घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक बताते हुए अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
जारी बयान में संतोष बसंत ने बताया कि अपराधियों ने अधिवक्ता प्रेम कुमार पंकज के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। विरोध करने पर अपराधियों ने पिस्तौल के बट से उनके सिर पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। जिलाध्यक्ष संतोष बसंत ने एसकेएमसीएच के वार्ड संख्या-5 स्थित बेड संख्या-19 पर भर्ती प्रेम कुमार पंकज से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल एक अधिवक्ता पर हमला है, बल्कि कानून व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अपराधियों की शीघ्र पहचान करते हुए उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। संतोष बसंत ने कहा कि जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराध पर नियंत्रण स्थापित करने में पुलिस प्रशासन अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया। राजद अधिवक्ता प्रकोष्ठ ने घायल अधिवक्ता प्रेम कुमार पंकज के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रशासन से उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।