नीट परीक्षा और महंगाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम का फूंका पुतला

  • Post By Admin on Jun 14 2026
नीट परीक्षा और महंगाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम का फूंका पुतला

लखीसराय : जिला कांग्रेस कमेटी, लखीसराय के तत्वावधान में रविवार को चितरंजन आश्रम स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय सभागार में अति पिछड़ा कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अति पिछड़ा वर्ग की राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा की गई। बैठक के बाद विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन भी किया गया।

बैठक की अध्यक्षता अति पिछड़ा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र राम चंद्रवंशी ने की, जबकि पुतला दहन कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरेश कुमार उर्फ अनीश ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नीतू सिंह निषाद उपस्थित रहीं। बैठक का संचालन श्रीकांत ठाकुर ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बिहार में अति पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) की आबादी लगभग 40 प्रतिशत होने के बावजूद निर्णय लेने की प्रक्रिया और राजनीतिक प्रतिनिधित्व में उनकी भागीदारी अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए शिक्षा, रोजगार, राजनीतिक अवसर और सामाजिक सम्मान सुनिश्चित करना आवश्यक है। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार सामाजिक न्याय, जातीय जनगणना और आबादी के अनुपात में भागीदारी की मांग उठाते रहे हैं। उन्होंने रोहिणी आयोग की अनुशंसाओं को लागू करने तथा अति पिछड़ा वर्ग को न्यायसंगत प्रतिनिधित्व देने की मांग की।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरेश कुमार अनीश ने कहा कि अधिकार संघर्ष से प्राप्त होते हैं और इसके लिए समाज को संगठित होना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा अति पिछड़ा समाज की राजनीतिक ताकत को एकजुट करने का आह्वान किया। बैठक के दौरान नीट परीक्षा सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर चिंता व्यक्त की गई। इन मुद्दों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदेश उपाध्यक्ष विनय कुमार, प्रदेश प्रवक्ता विशाल कुमार, प्रदेश सचिव ब्रह्मदेव चौरसिया, संतोष चंद्रवंशी, जिला महासचिव पंकज कुमार वर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि अति पिछड़ा समाज मजदूरों, किसानों, छोटे व्यापारियों और युवाओं का समाज है, जो देश और राज्य की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण ताकत है। इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित सम्मान और प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव राजेंद्र भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार, ललित नारायण, संतोष कुमार चंद्रवंशी, राजकुमार सिंह, सुभाष पासवान, जय किशोर यादव, धनंजय कुमार, रवि कुमार, प्रकाश चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, अति पिछड़ा समाज के प्रतिनिधि और विभिन्न प्रखंडों से आए पदाधिकारी उपस्थित रहे।