20 सूत्री बैठक में विकास कार्यों का लेखा-जोखा, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश

  • Post By Admin on Jun 25 2026
20 सूत्री बैठक में विकास कार्यों का लेखा-जोखा, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश

लखीसराय : जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (20 सूत्री) की समीक्षात्मक बैठक गुरुवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में अध्यक्ष जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति सह ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री सुनील कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सांसद राजीव रंजन कुमार उर्फ ललन सिंह, जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने शिक्षा, पेयजल, ग्रामीण विकास, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, आवास एवं अन्य विभागों की योजनाओं की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया। बैठक में मुख्यमंत्री पोशाक योजना, मध्याह्न भोजन, साइकिल योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, छात्रवृत्ति एवं प्रोत्साहन योजनाओं की समीक्षा की गई। साथ ही हर घर नल-जल योजना, सात निश्चय योजना एवं पाइप जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।

सांसद ललन सिंह ने पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए नल-जल योजना और खराब चापाकलों की मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं की निगरानी के लिए व्हाट्सएप समूह बनाकर नियमित रूप से प्रगति साझा करने का सुझाव भी दिया। बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना, सोलर लाइट योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, कबीर अंत्येष्टि योजना एवं राष्ट्रीय परिवार लाभ योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। मनरेगा के लक्ष्यों को 30 जून तक पूरा करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में जॉब कार्ड उपलब्धि लगभग 92 प्रतिशत तथा कृषि यंत्रीकरण में 86 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। भूमि उपलब्धता, पंचायत सरकार भवन निर्माण, दाखिल-खारिज एवं म्यूटेशन से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई और इनके समयबद्ध निष्पादन पर बल दिया गया।

सांसद ललन सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय से ही योजनाओं का लाभ आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। वहीं मंत्री सुनील कुमार ने योजनाओं के क्रियान्वयन में और तेजी लाने, क्षेत्रीय निरीक्षण बढ़ाने तथा सहयोग शिविरों के माध्यम से लंबित मामलों के निपटारे के निर्देश दिए। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल एवं चापाकल व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। बैठक में एमएलसी अजय कुमार, सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, 20 सूत्री उपाध्यक्ष दीपक कुमार सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के कई अधिकारी उपस्थित थे।