मुजफ्फरपुर : श्रमिकों के अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ग्राम विचार मंच एवं सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को अघोरिया बाजार स्थित भोला चौक पानी टंकी परिसर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संतोष कुमार ने किया।
कार्यक्रम में श्रमिकों को इंडिया लेबर लाइन की मुफ्त हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। संतोष कुमार ने बताया कि मजदूरी का भुगतान नहीं होने, वेतन में कटौती, भविष्य निधि (पीएफ) और ईएसआईसी से जुड़ी समस्याओं, नौकरी से जबरन निकाले जाने, ग्रेच्युटी विवाद, कार्यस्थल पर दुर्घटना के बाद मुआवजा नहीं मिलने तथा न्यूनतम मजदूरी से संबंधित मामलों में श्रमिक इस हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि निर्माण मजदूर कल्याण बोर्ड एवं अन्य राज्य कल्याण बोर्डों में पंजीकरण और उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी भी इंडिया लेबर लाइन के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है। यह हेल्पलाइन जानकारी, परामर्श, मध्यस्थता और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी सहायता प्रदान कर श्रमिकों की समस्याओं के समाधान का प्रयास करती है।
शांति सेना के संयोजक सोनू सरकार ने बताया कि श्रमिक टोल फ्री नंबर 18008339020 पर कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। यह सेवा सोमवार से शनिवार तक सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक उपलब्ध रहती है। कार्यक्रम के दौरान सरला श्रीवास सामाजिक सांस्कृतिक शोध संस्थान के संयोजक एवं कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रमिकों को इंडिया लेबर लाइन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने श्रमिकों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन का उपयोग करने की अपील की। इस अवसर पर शांति सेना के संयोजक सोनू सरकार, भोला शाह, प्रमिला देवी, चंदेश्वर राम, विक्रम जयनारायण निषाद सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




















