हिंदी साहित्य में योगदान के लिए डॉ. विजय विनीत को मिला युगल किशोर मिश्र स्मृति सम्मान

  • Post By Admin on Jun 25 2026
हिंदी साहित्य में योगदान के लिए डॉ. विजय विनीत को मिला युगल किशोर मिश्र स्मृति सम्मान

लखीसराय : हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सूर्यगढ़ा निवासी साहित्यकार डॉ. विजय विनीत को नवादा में आयोजित युगल किशोर स्मृति सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। बुधौली स्थित वीणापाणि कॉलेज परिसर में आयोजित समारोह में आचार्य कुल की अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त प्राचार्या प्रो. वीणा कुमारी मिश्र ने उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न और प्रमाण-पत्र प्रदान कर "युगल किशोर मिश्र स्मृति सम्मान" से नवाजा।

इससे पूर्व डॉ. विजय विनीत को सर्वोदय आश्रम, सेखोदौरा (नवादा) में आयोजित मगध साहित्य उत्सव में "रामरतन सिंह रत्नाकर स्मृति सम्मान" से भी सम्मानित किया गया था। समारोह के दौरान आयोजित कवि सम्मेलन में उन्होंने अपनी चर्चित कविता "कुमारी कन्या कुन्ती" का पाठ कर श्रोताओं की सराहना प्राप्त की। कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार एवं पूर्व विधायक डॉ. उषा सिन्हा, विभा रानी श्रीवास्तव, रायबरेली के डॉ. गोविंद गजब, पटना की प्रियंका श्रीवास्तव, सागरिका राय, नवादा के कवि ओंकार कश्यप, राजगीर की डॉ. रेखा सिन्हा, बोकारो की करुणा कलिका तथा नवादा के जिला कल्याण पदाधिकारी को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रो. वीणा मिश्रा द्वारा रचित लघु उपन्यास "एक मंजिल दो राहें", संकलित "मगही संस्कार गीत" तथा नरेंद्र सिंह कृत कविता संग्रह "मगही वाटिका" का लोकार्पण भी किया गया। डॉ. विजय विनीत को सम्मान मिलने पर वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. अंजनी आनंद, सामाजिक कार्यकर्ता रविशंकर सिंह अशोक, प्राचार्य टिजो थामस, हिन्दी प्राध्यापक प्रो. प्रेमरंजन कुमार, प्राचार्य संजय कुमार सिंह, पूर्व प्राचार्य राजेंद्र राज, प्राचार्य कमालुर्रहमान, प्रो. मजहर आलम सहित अनेक साहित्यकारों और शिक्षाविदों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।