जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा, साफ-सफाई और मरम्मत पर फोकस
- Post By Admin on Jun 13 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त तथा जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने शनिवार को जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान केंद्र के माध्यम से संचालित बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की रैंकिंग रिपोर्ट में जिला राज्य स्तर पर दूसरे स्थान पर है। वहीं मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना में जिला 11वें तथा कुशल युवा कार्यक्रम में 24वें स्थान पर है। अधिकारियों ने योजनाओं की रैंकिंग में और सुधार लाने तथा अधिक से अधिक पात्र युवाओं तक लाभ पहुंचाने के लिए पंचायतों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में व्यापक काउंसिलिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने केंद्र में आने वाले आगंतुकों एवं अभ्यर्थियों के लिए शुद्ध पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उसमें सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही भवन के कई स्थानों पर फॉल्स सीलिंग क्षतिग्रस्त पाए जाने पर उसकी मरम्मत के लिए भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के समय जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र के प्रबंधक संजय कुमार, बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम की सहायक प्रबंधक (योजना) कंचन सिन्हा सहित सभी एसडब्ल्यूओ एवं एमपीए उपस्थित थे।