लखीसराय में मद्य निषेध अभियान तेज, 110 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद
- Post By Admin on Jun 13 2026
लखीसराय : जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए मद्य निषेध थाना पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। 12 जून 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई छापेमारी के दौरान 110.565 लीटर विदेशी शराब और 2 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान शराब बेचने और सेवन करने के आरोप में कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
मद्य निषेध थाना की रिपोर्ट के अनुसार किउल थाना क्षेत्र के किउल गांव में छापेमारी के दौरान 110.565 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। हालांकि इस मामले में शराब के मालिक का पता नहीं चल सका है। वहीं सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के पेटेलपुर गांव में राम कुमार को 2.190 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। चानन थाना क्षेत्र के डूटोन गांव से महेश चौधरी को 2 लीटर चुलाई शराब के साथ पकड़ा गया।
इसके अलावा शराब सेवन के आरोप में सूर्यगढ़ा, लखीसराय और बड़हिया थाना क्षेत्रों से कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें सूर्यगढ़ा के मो. सरताज, लखीसराय नगर क्षेत्र के विपिन सिंह, मनु मंडल, पिंटू विश्वकर्मा, छोटू कुमार और त्रिपुरारी ठठेरा शामिल हैं। वहीं बड़हिया थाना क्षेत्र से सुनील महतो, राजू रजक तथा अमरेश कुमार को भी शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। मद्य निषेध विभाग ने बताया कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा तथा दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।