प्रमंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में पुलिस प्रशासन की समीक्षा बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

  • Post By Admin on Sep 19 2024
प्रमंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में पुलिस प्रशासन की समीक्षा बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

मुजफ्फरपुर : तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त सरवणन एम की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में पुलिस प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था, साइबर अपराध, भूमि विवाद, शराबबंदी, डायल 112, महिला हेल्प डेस्क, एससी-एसटी मामले, सुरक्षित सफर और पुलिस गश्ती जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

आयुक्त ने जिले के सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना की जानकारी दी, जहां महिला पुलिसकर्मी सक्रिय रूप से महिलाओं की सहायता कर रही हैं। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क के कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग का निर्देश भी दिया। आम नागरिकों की सुविधा के लिए डायल 112 की व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से लोग त्वरित सहायता प्राप्त कर सकते हैं। आयुक्त ने इस सेवा के प्रभावी संचालन पर जोर दिया। मुजफ्फरपुर में रात के समय यात्रियों की सुरक्षा के लिए "सुरक्षित सफर" नामक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है और इसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित और सम्मानजनक यात्रा सुनिश्चित करना है। साइबर अपराध की रोकथाम के लिए जिला साइबर सेल प्रभावी रूप से कार्यरत है। मुजफ्फरपुर जिले को इस क्षेत्र में राज्य स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। साइबर थाना में अब तक 108 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं और 1.2 लाख रुपये आम जनता का बचाया गया है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी साइबर अपराध से बचाव के लिए नियमित पोस्ट किए जाते हैं।

बैठक में तंबाकू नियंत्रण सेंटर के उद्घाटन और नशा विमुक्ति केंद्र की जानकारी भी दी गई। आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निपटान और गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक, जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।