समानता, भाईचारे और लोकतंत्र का संदेश लेकर महिलाओं के बीच पहुंचा राष्ट्र सेवा दल
- Post By Admin on May 20 2026
मुजफ्फरपुर : राष्ट्र सेवा दल के चार दिवसीय कार्यक्रम के चौथे दिन बुधवार को मुशहरी प्रखंड अंतर्गत डुमरी पंचायत में महिलाओं के बीच संविधान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शांति सेना मुजफ्फरपुर के संयोजक सोनू सरकार ने की। इस दौरान महिलाओं को संविधान के मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोनू सरकार ने कहा कि भारतीय संविधान देश के सभी नागरिकों को समान अवसर, सभी धर्मों को समान सम्मान एवं स्वतंत्रता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने धर्म को मानने, पालन करने और प्रचार करने का अधिकार प्राप्त है। भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत जनता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करती है और सरकार जनता की इच्छा से बनती है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान लंबी प्रक्रिया और गहन विचार-विमर्श के बाद तैयार किया गया था। इसे तैयार होने में 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिन का समय लगा। संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को इसे अंगीकार किया, जिसे आज संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया, जिसे देश गणतंत्र दिवस के रूप में मनाता है।
सोनू सरकार ने कहा कि संविधान के प्रमुख शिल्पकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सदस्यों ने दुनिया के विभिन्न संविधानों का अध्ययन कर ऐसा संविधान तैयार किया, जो भारत की विविधताओं को एक सूत्र में बांध सके। उन्होंने कहा कि संविधान समानता, भाईचारे और कानून के शासन की भावना को मजबूत करता है तथा संविधान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। कार्यक्रम में राष्ट्र सेवा दल के पूर्व महामंत्री शाहिद कमाल ने संगठन के इतिहास एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्र सेवा दल युवाओं को अनुशासन, देश सेवा और राष्ट्रीय एकता के लिए प्रेरित करता है। साथ ही संगठन सामाजिक सद्भाव, ग्रामीण विकास और जन-जागरूकता के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता है।
महाराष्ट्र से आए विषय विशेषज्ञ आकाश इंगले एवं शुभम चोगेल ने गीतों और नारों के माध्यम से महिलाओं को संविधान की मूल भावना से अवगत कराया। वहीं सरला श्रीवास सोशल कल्चरल रिसर्च फाउंडेशन के सचिव एवं लोक कलाकार सुनील कुमार ने गीत-संगीत के जरिए संविधान को पढ़ने और समझने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में ग्राम विचार मंच के संतोष ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापन किया।