सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में होंगे विशेष इंतजाम
- Post By Admin on May 20 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी लखीसराय की अध्यक्षता में बुधवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं, यातायात प्रबंधन तथा भारी वाहनों के संचालन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिले के विभिन्न ब्लैक स्पॉट, प्रदूषण जांच, सड़क सुरक्षा उपायों एवं जाम की समस्या पर गहन चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का विस्तृत विश्लेषण कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्य तत्काल सुनिश्चित किए जाएं, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अनुमंडल पदाधिकारी एवं जिला परिवहन पदाधिकारी ट्रक एसोसिएशन के साथ विशेष बैठक करेंगे। इसमें बंद पुलों एवं बाजार क्षेत्रों से गुजरने वाले बाहरी भारी वाहनों के संचालन एवं नियंत्रण को लेकर रणनीति बनाई जाएगी, जिससे शहर में जाम की समस्या कम हो सके और दुर्घटनाओं की आशंका घटे।
जिला पदाधिकारी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रेड जोन एवं दुर्घटना संभावित स्थलों को चिन्हित कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्रों में संकेतक बोर्ड, स्पीड कंट्रोल, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। बैठक के दौरान टाउन थाना अध्यक्ष ने नया बाजार इलेक्ट्रॉनिक प्वाइंट एवं बी.एड कॉलेज मोड़ के समीप स्ट्रीट लाइट लगाने की आवश्यकता बताई, जिस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभाग को शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने, यातायात नियमों के पालन तथा नियमित वाहन जांच अभियान को तेज करने पर भी बल दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।