विदेशी अखबार में पीएम मोदी का विवादित चित्रण, सोशल मीडिया पर आक्रोश
- Post By Admin on May 20 2026
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नॉर्वे यात्रा के बीच वहां के एक प्रमुख अखबार में प्रकाशित विवादित कार्टून को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर इस कार्टून की तीखी आलोचना हो रही है और इसे नस्लवादी, भारत विरोधी तथा औपनिवेशिक मानसिकता को बढ़ावा देने वाला बताया जा रहा है।
नॉर्वे के प्रमुख समाचार पत्र ‘आफ्टेनपोस्टेन’ में प्रकाशित इस कार्टून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सपेरे के रूप में दर्शाया गया है। कार्टून में ईंधन पंप की नली को सांप के रूप में दिखाया गया है। यह कार्टून “एक चतुर लेकिन थोड़ा परेशान करने वाला आदमी” शीर्षक वाले लेख के साथ प्रकाशित किया गया है। इसे नॉर्वे के प्रसिद्ध विज़ुअल आर्टिस्ट और इलस्ट्रेटर मार्विन हैलेरेकर ने बनाया है, जो पहले भी विश्व नेताओं के कार्टून को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। कार्टून सामने आने के बाद भारत में सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। कई लोगों ने इसे भारतीयों के प्रति अपमानजनक और रूढ़िवादी सोच को दर्शाने वाला बताया।
भारत के पूर्व विदेश सचिव कंवल सिब्बल ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह एक ऐसे छोटे देश का परेशान करने वाला कार्टून है, जिसके पास जटिल और विविध समाजों को संभालने का अनुभव नहीं है। वहीं वरिष्ठ पत्रकार आदित्य राज कौल ने भी कार्टून की आलोचना करते हुए इसे चौंकाने वाला, नस्लवादी और अपमानजनक करार दिया। उन्होंने कहा कि नॉर्वे के बड़े अखबार द्वारा इस तरह का कार्टून प्रकाशित करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कार्टून को लेकर विवाद बढ़ने के बाद सोशल मीडिया पर भारत की छवि और विदेशी मीडिया में भारतीय नेतृत्व के चित्रण को लेकर बहस तेज हो गई है।