पूर्व प्राचार्य प्रो. के पी ठाकुर के निधन से शिक्षा जगत में शोक, श्रद्धांजलि सभा आयोजित
- Post By Admin on Jun 23 2026
मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य एवं अंग्रेजी विभाग के वरिष्ठ शिक्षक प्रो. के पी ठाकुर के निधन पर महाविद्यालय परिसर में शोक सभा का आयोजन किया गया। 17 जून को मुंबई में उनके निधन से कॉलेज परिवार और शिक्षा जगत में शोक की लहर है।
शोक सभा को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने कहा कि प्रो. के पी ठाकुर का निधन पूरे कॉलेज परिवार के लिए गहरा आघात है। उन्होंने कहा कि प्रो. ठाकुर केवल अंग्रेजी के महान शिक्षक ही नहीं थे, बल्कि शब्दों और जीवन के ऐसे शिल्पकार थे, जिन्होंने अपने ज्ञान, व्यक्तित्व और शिक्षण शैली से पीढ़ियों को प्रेरित किया। उन्होंने वर्ष 1961 से 2000 तक महाविद्यालय में अपनी दीर्घ सेवाएं दीं और 1999-2000 के दौरान प्राचार्य के रूप में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।
अंग्रेजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. नीलिमा झा ने कहा कि प्रो. के पी ठाकुर महाविद्यालय परिवार के अत्यंत सम्मानित और प्रिय सदस्य थे। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके दामाद डॉ. अमलेंदु मुजफ्फरपुर के प्रसिद्ध चिकित्सक हैं, बड़े पुत्र एलाइड सर्विसेज से सेवानिवृत्त होकर मुंबई में रह रहे हैं, जबकि छोटे पुत्र चिकित्सक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। डॉ. झा ने कहा कि प्रो. ठाकुर द्वारा अंग्रेजी अनुवाद और व्याकरण पर लिखी गई पुस्तकें देशभर के विद्यार्थियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय रही हैं। उनका निधन शिक्षा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है और उनकी विद्वता व शिक्षण परंपरा सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
इस अवसर पर डॉ. रमेश प्रसाद गुप्ता, डॉ. एम. एन. रजवी, डॉ. रजनीकांत पांडेय, डॉ. ललित किशोर, श्री निर्मल कुमार शर्मा एवं श्रीमती डेजी सहित महाविद्यालय परिवार के शिक्षकों और कर्मचारियों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रो. के पी ठाकुर का व्यक्तित्व और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक रहेगा। शोक सभा के अंत में उपस्थित सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।