मोहर्रम जुलूस में हथियार और अनियंत्रित डीजे पर रोक, डीएम ने दिए सख्त दिशा-निर्देश
- Post By Admin on Jun 23 2026
लखीसराय : आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार ने की, जिसमें जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक की शुरुआत में जिला पदाधिकारी ने सभी उपस्थित सदस्यों एवं अधिकारियों का स्वागत करते हुए मोहर्रम पर्व के सफल आयोजन के लिए आपसी समन्वय और सहयोग पर बल दिया। इस दौरान शांति समिति के सदस्यों से पिछले वर्षों में सामने आई समस्याओं और उनके समाधान संबंधी सुझाव भी प्राप्त किए गए। प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि सभी प्रखंडों में शांति समिति की बैठकें सफलतापूर्वक आयोजित की जा चुकी हैं। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अखाड़ा समितियों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। जिन क्षेत्रों में अधिक संख्या में अखाड़े हैं, वहां उनकी क्रमवार नंबरिंग कर विस्तृत रिपोर्ट प्रशासन को उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने ताजिया जुलूस के दौरान डीजे के उपयोग पर नियंत्रण रखने तथा ताजिया की ऊंचाई सीमित रखने का निर्देश दिया, ताकि बिजली के तारों एवं अन्य अवरोधों से किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक लाइसेंस में जुलूस की तिथि एवं समय स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए और सभी कार्यक्रम निर्धारित समय सीमा के भीतर ही संपन्न हों। जुलूस में किसी भी प्रकार के धारदार हथियार के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा डीजे संचालन के संबंध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां शांति समिति की बैठकें अभी तक नहीं हुई हैं, वहां शीघ्र बैठक आयोजित कर स्थानीय स्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने आम नागरिकों से भी आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ पर्व मनाने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। बैठक में बताया गया कि मोहर्रम के दौरान जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार ने सभी जिला वासियों को मोहर्रम पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री शिवम कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता श्री शशि कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, पुलिस उपाध्यक्ष (साइबर) श्री अजीत प्रताप सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।