चंद्रलोक चौक की जर्जर सड़क पर बारिश बनी मुसीबत, स्थानीयों ने उठाई मरम्मत की मांग
- Post By Admin on Jul 15 2026
मुजफ्फरपुर : शहर के कलमबाग रोड स्थित चंद्रलोक चौक की बदहाल सड़क स्थानीय लोगों, दुकानदारों और राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने के कारण हल्की बारिश के बाद भी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आवागमन बाधित होता है और लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर पानी भर जाने से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होती है, जिसका सीधा असर उनके कारोबार पर पड़ रहा है। वहीं, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को गड्ढों और जलजमाव के बीच जोखिम उठाकर गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मानसून के दौरान हालात और गंभीर हो जाएंगे तथा लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ जाएगी।
✍️ मो. अमानुल्लाह