नेपाल की बारिश ने बढ़ाई मुजफ्फरपुर की चिंता, बूढ़ी गंडक का जलस्तर चढ़ा

  • Post By Admin on Jul 17 2026
नेपाल की बारिश ने बढ़ाई मुजफ्फरपुर की चिंता, बूढ़ी गंडक का जलस्तर चढ़ा

मुजफ्फरपुर : नेपाल के तराई क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश का असर अब उत्तर बिहार की नदियों पर दिखाई देने लगा है। मुजफ्फरपुर से होकर गुजरने वाली बूढ़ी गंडक नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। अखाड़ा घाट समेत कई घाटों पर पानी का स्तर बढ़ने से तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती तैयारियां तेज कर दी हैं।

नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के कारण बूढ़ी गंडक नदी में पानी का दबाव बढ़ गया है। नदी का बहाव तेज होने से अखाड़ा घाट सहित अन्य घाटों पर जलस्तर लगातार ऊपर जा रहा है। प्रशासन निचले और संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रख रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। जल संसाधन विभाग की टीम नदी के जलस्तर की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन विभाग, अंचल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया है। साथ ही तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी गई है और संवेदनशील स्थानों पर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। संभावित बाढ़ से निपटने के लिए राहत एवं बचाव कार्यों से जुड़े आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। ऐसे में बूढ़ी गंडक समेत उत्तर बिहार की अन्य नदियों का जलस्तर और बढ़ सकता है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने का निर्देश दिया है।