मुर्शिदाबाद : ट्रेन की टक्कर से स्कूल वैन के उड़े परखच्चे, दो बच्चों समेत तीन की मौत
- Post By Admin on Jul 17 2026
मुर्शिदाबाद : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में स्कूल वैन ट्रेन की चपेट में आ गई। इस हादसे में दो स्कूली बच्चों और एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। यह हादसा पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल के अंतर्गत बहरमपुर थाना क्षेत्र में कर्णसुबर्ण और गोबिंदपुर रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित गोविंदापुर लेवल क्रॉसिंग पर हुआ। मृतकों में दो छात्र और एक साइकिल सवार शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक निजी स्कूल की वैन बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान रेलवे फाटक खुला होने के कारण चालक ने लेवल क्रॉसिंग पार करने का प्रयास किया। तभी सामने से आ रही निमतिता-काटोया पैसेंजर ट्रेन ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि वैन में चालक सहित आठ लोग सवार थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पहले एक अप लाइन ट्रेन गुजरने के बाद रेलवे फाटक खोल दिया गया, जबकि दूसरी लाइन पर ट्रेन आने के बावजूद फाटक बंद नहीं किया गया। इस लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है और रेलवे गेटमैन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर वाहन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। वहीं, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।
✍️सोनाली