चांदनी चौक में आग का तांडव, धुएं और लपटों से दहशत में आए लोग

  • Post By Admin on Jun 25 2026
चांदनी चौक में आग का तांडव, धुएं और लपटों से दहशत में आए लोग

मुजफ्फरपुर : ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के चांदनी चौक स्थित एक कबाड़ की दुकान में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटें तथा घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद आसपास के अपार्टमेंट और रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कबाड़ की दुकान में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग की भयावहता को देखते हुए कई परिवार एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विपिन कुमार रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल आसपास के क्षेत्र को खाली कराते हुए सुरक्षा व्यवस्था संभाली और किसी भी संभावित जनहानि को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दुकान में मौजूद प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। राहत और बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा।

पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से आग को आसपास के रिहायशी इलाकों तक फैलने से रोक लिया गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग में दुकान में रखा लाखों रुपए मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया है, हालांकि नुकसान का सटीक आकलन अभी नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। आग पूरी तरह बुझने के बाद अग्निशमन विभाग और पुलिस मामले की जांच करेंगे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।