सारण में होगी बिहार राज्य साइक्लिंग चैंपियनशिप, मुजफ्फरपुर टीम चयन को लेकर जिला संघ की बैठक संपन्न
- Post By Admin on Jun 25 2026
मुजफ्फरपुर: जिला साइकिल संघ की बैठक बुधवार को हरिसभा चौक स्थित मुखर्जी सेमिनरी परिसर में संघ के अध्यक्ष बाल मुकुन्द कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी राज्य स्तरीय साइक्लिंग प्रतियोगिता एवं जिला टीम चयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष बाल मुकुन्द कुमार ने बताया कि बिहार साइक्लिंग एसोसिएशन ने 18वीं स्टेट सीनियर, जूनियर, सब-जूनियर रोड एवं पैरा साइक्लिंग चैंपियनशिप (बालक एवं बालिका वर्ग) की मेजबानी सारण साइक्लिंग एसोसिएशन को सौंपी है। यह प्रतियोगिता 18 और 19 जुलाई 2026 को छपरा (सारण) में आयोजित होगी। जिला साइकिल संघ के सचिव विक्रम जयनारायण निषाद ने बताया कि राज्य चैंपियनशिप में भाग लेने वाली मुजफ्फरपुर जिला टीम के चयन के लिए चयन प्रतियोगिता 5 जुलाई को मुखर्जी सेमिनरी खेल मैदान में आयोजित की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी योग्य साइकिल खिलाड़ियों से चयन प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
बैठक में प्रतियोगिता की तैयारियों, खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया तथा जिले में साइक्लिंग खेल को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर उपाध्यक्ष नवनीश कुमार, रणधीर कुमार, सुभाष शर्मा, संयुक्त सचिव विकास कुमार, मनोज कुमार, आदित्य कुमार, शिवम गुप्ता, राजवीर कुमार, प्रकाश राज तथा राना देवी दयाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में संघ के कोषाध्यक्ष एवं प्रसिद्ध कठपुतली कलाकार सुनील कुमार ने सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।