लखीसराय में रबी कर्मशाला सह प्रशिक्षण शिविर का आयोजन, वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी गई
- Post By Admin on Nov 11 2024

लखीसराय : आत्मा योजना के अंतर्गत सोमवार को लखीसराय जिला मुख्यालय के नया बाजार स्थित केआरके उच्च विद्यालय के मैदान में रबी कर्मशाला सह प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र, एडीएम सुधांशु शेखर, उप विकास आयुक्त कुंदन कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, वरीय कृषि वैज्ञानिक विनोद कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी सुबोध कुमार सुधाशु, और सहायक निदेशक प्रसार शषि कुमार विद्यार्थी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य रबी मौसम में गेहूं, चना, दलहन आदि की अधिकतम उत्पादन के लिए वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी देना था। शिविर में कृषि विभाग के प्रसार कर्मियों, प्रखंड तकनीकी प्रबंधकों, सहायक तकनीकी प्रबंधकों, प्रखंड कृषि पदाधिकारियों और जैविक खेती के आत्मा समूह से जुड़े सदस्यों सहित सभी प्रखंडों से आए 5-5 प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने किसानों को उन्नत तकनीकों के साथ-साथ रबी फसलों की उपज बढ़ाने के लिए बेहतर कृषि पद्धतियों पर विस्तार से जानकारी दी। किसानों ने इस शिविर में काफी रुचि दिखाई और कृषि क्षेत्र में उन्नति के लिए नई तकनीकों को अपनाने की प्रेरणा प्राप्त की।