छठ पर्व समाप्ति के बाद आशा संघ का धरना फिर से शुरू, अनियमितता के विरोध में आंदोलन जारी
- Post By Admin on Nov 11 2024

लखीसराय : बिहार राज्य आशा कार्यकर्ता संघ (सेवांजलि) की लखीसराय जिला शाखा ने मानदेय भुगतान में अनियमितता के विरोध में 29 सितंबर 2024 से शुरू किया गया धरना कार्यक्रम छठ पर्व की समाप्ति के बाद सोमवार को पुनः शुरू कर दिया। सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष जारी इस धरने का नेतृत्व संघ की नेत्री आशा सिंहा कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हिया की बीसीएम द्वारा आशा कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि के भुगतान में धांधली की गई है। जिसकी जांच की मांग को लेकर यह अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
आशा सिंहा ने बताया कि 22 सितंबर 2024 को सिविल सर्जन ने आश्वासन दिया था कि 30 सितंबर तक लगाए गए आरोपों की जांच पूरी कर ली जाएगी। इसके लिए एक समिति का गठन भी किया गया था। जिसे बाद में भंग कर एक नई जांच समिति बनाई गई और 15 दिनों का कार्यकाल निर्धारित किया गया। हालांकि, कार्यकाल समाप्त होने के बावजूद जांच अभी तक पूरी नहीं की गई है जिससे आशा कार्यकर्ताओं में रोष है।
संघ की सदस्याओं का आरोप है कि जिला प्रशासन इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रहा है और अधिकारियों के भेदभावपूर्ण रवैये के कारण जांच में देरी हो रही है। संघ की नेत्री ने कहा कि संघ अपने आर्थिक हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा। धरना स्थल पर आशा सिंहा, सुनीता कुमारी, शांति कुमारी, सुधा कुमारी, बेबी कुमारी, रवि प्रभा, रंजू कुमारी सहित अन्य आशा कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि जब तक जांच पूरी नहीं होती उनका अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा।