लखीसराय के 11 केंद्रों पर होगी सिपाही भर्ती परीक्षा, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

  • Post By Admin on Jun 12 2026
लखीसराय के 11 केंद्रों पर होगी सिपाही भर्ती परीक्षा, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

लखीसराय : केंद्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती) द्वारा विज्ञापन संख्या-03/2025 के अंतर्गत 14 जून एवं 17 जून 2026 को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में शुक्रवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बताया गया कि जिले के कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक संपन्न होगी। यह परीक्षा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में मद्य निषेध सिपाही, कारा एवं सुधार सेवाएं निरीक्षक न्यायालय गृह विभाग में कक्षपाल तथा परिवहन विभाग में चलंत दस्ता सिपाही पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित की जा रही है। जिला पदाधिकारी ने परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। परीक्षा की निगरानी के लिए जोनल दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, उड़नदस्ता दल, केंद्र अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर और बायोमेट्रिक सत्यापन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही इन व्यवस्थाओं से जुड़े कर्मियों के नाम, मोबाइल नंबर एवं आधार संबंधी विवरण संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने को कहा गया।

जिला पदाधिकारी ने परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने तथा परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने का निर्देश दिया। इसके अलावा अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, स्वच्छ शौचालय, साफ-सफाई और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता, गड़बड़ी या कदाचार पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभू नाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।