भव्य शोभायात्रा और महाभंडारे के साथ होगा महादेव शिव एवं राधा-कृष्ण मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव
- Post By Admin on Jun 23 2026
लखीसराय : शहर के पुरानी बाजार मुख्य सड़क स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर में नवनिर्मित महादेव शिव मंदिर एवं राधा-कृष्ण मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा आगामी 1 जुलाई को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न होगी। इस अवसर पर 28 जून से चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा, जिसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आयोजन समिति के सदस्य पिंटू यादव ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत 28 जून को सुबह 8 बजे भव्य शोभायात्रा के साथ होगी। शोभायात्रा बजरंगबली मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर लोहार पट्टी, थाना चौक स्थित शिव-दुर्गा मंदिर, चितरंजन रोड, प्रभात चौक, अभिमन्यु चौक और पुरानी बाजार चौक होते हुए मुख्य सड़क के रास्ते पुनः मंदिर परिसर में संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। कन्याएं कलश यात्रा का हिस्सा बनेंगी, जबकि अन्य श्रद्धालु धर्म पताकाओं के साथ नगर भ्रमण करेंगे। कलश यात्रा में शामिल होने वाली कन्याओं के लिए 27 जून तक मंदिर परिसर में पंजीकरण की व्यवस्था की गई है और केवल पंजीकृत कन्याओं को ही कलश उपलब्ध कराया जाएगा।
शोभायात्रा को आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न धार्मिक झांकियों के साथ बैंड-बाजा, हाथी और घोड़ों की भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे पूरे शहर में भक्तिमय वातावरण बनेगा। आयोजन समिति के अनुसार 29 एवं 30 जून को विशेष पूजन, वैदिक अनुष्ठान एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद 1 जुलाई को महादेव शिव मंदिर और राधा-कृष्ण मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा एवं पूर्णाहुति समारोह संपन्न होगा। प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए शाम में महाभंडारा सह नगर भोज का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना है।आयोजन समिति ने जिलेवासियों एवं श्रद्धालुओं से इस चार दिवसीय धार्मिक महोत्सव में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने और आध्यात्मिक वातावरण का हिस्सा बनने की अपील की है।