ड्रग इंस्पेक्टर–कृषि मंत्री कथित ऑडियो मामले की निष्पक्ष जांच हो : भाकपा

  • Post By Admin on Jun 23 2026
ड्रग इंस्पेक्टर–कृषि मंत्री कथित ऑडियो मामले की निष्पक्ष जांच हो : भाकपा

लखीसराय : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की लखीसराय जिला इकाई ने ड्रग इंस्पेक्टर एवं बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा के बीच कथित बातचीत से जुड़े सार्वजनिक चर्चा में आए अपुष्ट ऑडियो प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि यदि ऑडियो में लगाए जा रहे आरोपों में सच्चाई है तो यह अत्यंत गंभीर मामला है, जिसकी पारदर्शी जांच आवश्यक है।

भाकपा के जिला कार्यकारिणी सदस्य रजनीश कुमार द्वारा जारी प्रेस वक्तव्य में कहा गया है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक सरकारी अधिकारी को विधि एवं नियमों के अनुरूप स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर जांच और कार्रवाई करने का अधिकार होना चाहिए। यदि किसी जनप्रतिनिधि द्वारा किसी अधिकारी पर रिश्वत मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाए जाते हैं, तो उनका सत्यापन किसी सक्षम एवं स्वतंत्र एजेंसी से कराया जाना चाहिए, ताकि जनता के सामने वास्तविक तथ्य स्पष्ट हो सकें।

उन्होंने कहा कि केवल अपुष्ट ऑडियो या आरोपों के आधार पर किसी भी व्यक्ति को दोषी नहीं माना जा सकता। कानून के शासन में प्रत्येक व्यक्ति को निष्पक्ष जांच और सुनवाई का अधिकार प्राप्त है। इसलिए राज्य सरकार को पूरे मामले की पारदर्शी जांच कराकर दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। भाकपा ने अपने वक्तव्य में प्रशासनिक तंत्र की स्वतंत्रता, पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जनता के हित में इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।