नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प, महिला सशक्तिकरण कार्यालय में हुआ शपथ ग्रहण
- Post By Admin on Jun 19 2026
लखीसराय : नशा मुक्त भारत अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण कार्यालय, लखीसराय में शुक्रवार को नशा मुक्त सप्ताह के अवसर पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस सह मिशन शक्ति की नोडल पदाधिकारी श्रीमती बंदना पाण्डेय ने की।
इस दौरान उन्होंने कार्यालय के अधीनस्थ कर्मियों को नशामुक्त समाज के निर्माण और नशे के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि देशभर में 17 जून से 26 जून 2026 तक "नशा मुक्त भारत सप्ताह 2026" मनाया जा रहा है। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तत्वावधान में चलाए जा रहे इस अभियान की थीम "नशा मुक्त भारत अभियान - विकसित भारत की पहचान" निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। इसी कड़ी में विभिन्न सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, जिला समन्वयक कन्हैया कुमार, केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी, नवीन कुमार, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार, आवासीय अधीक्षिका निभा कुमारी, केस वर्कर निभा कुमारी, परामर्शी नूतन कुमारी सहित महिला सशक्तिकरण कार्यालय के कई कर्मी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।