योग से निरोगी जीवन का संदेश, 21 जून को जमुई में होंगे सामूहिक योग अभ्यास

  • Post By Admin on Jun 19 2026
योग से निरोगी जीवन का संदेश, 21 जून को जमुई में होंगे सामूहिक योग अभ्यास

जमुई : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जमुई में विभिन्न स्थानों पर योग अभ्यास और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्वामी विवेकानंद योग संस्थान द्वारा जय शंकर नगर स्थित शक्ति योग केंद्र पर नियमित योग प्रशिक्षण जारी है, जहां योग शिक्षक राम बिलास शाण्डिल्य और शिवदानी प्रसाद के मार्गदर्शन में महर्षि पतंजलि के अष्टांग योग का अभ्यास कराया जा रहा है।

योग शिक्षक शिवदानी प्रसाद ने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महिलाओं, बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम जमुई नगर के महिसौरी स्थित जय शगुन वाटिका में प्रातः 6 बजे शुरू होगा। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इसमें भाग लेकर योग दिवस को सफल बनाने की अपील की। सामाजिक कार्यकर्ता विकास कुमार सिंह ने बताया कि जमुई वन विभाग की ओर से भी 21 जून को झाझा बस स्टैंड के निकट स्थित चिल्ड्रेन पार्क में सुबह 5:30 बजे सामूहिक योग अभ्यास का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सभी नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।

पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरणविद एवं प्रशिक्षित योग शिक्षक राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2014 में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। इसके बाद 21 जून 2015 को पहली बार 192 देशों में योग दिवस मनाया गया। उन्होंने कहा कि महर्षि पतंजलि ने हजारों वर्ष पूर्व मानव कल्याण के लिए अष्टांग योग का ज्ञान प्रदान किया था, जो आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga for Healthy Aging)" निर्धारित की गई है। योग के विभिन्न स्वरूपों—कर्म योग, ज्ञान योग, भक्ति योग और राज योग—का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास संभव है। शाण्डिल्य ने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली का आधार है और तनावमुक्त जीवन के साथ रोगों से बचाव में भी सहायक है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योग करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

योग अभ्यास शिविर में शिवम कुमार उपाध्याय, चन्द्रकांत भगत, डॉ. सुरेश भगत, अंकित पंडित, प्रभु मोदी, रामचंद्र मोदी, राधेश्याम मोदी, मनोज कुमार साह, मनीष कुमार बर्णवाल, पवन कुमार बर्णवाल, मनोरंजन भालोटिया, विमल कुमार बर्णवाल, डॉ. गौरव कुमार साह तथा डॉ. दीपक कुमार मोदी समेत अनेक लोगों ने भाग लिया।