लखीसराय में जिला पारा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की शुरुआत, दिव्यांग खिलाड़ियों को मिलेगा संगठित मंच
- Post By Admin on Jun 19 2026
लखीसराय : जिले में दिव्यांग खिलाड़ियों के खेल विकास और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए लखीसराय जिला पारा स्पोर्ट्स एसोसिएशन की जिला शाखा और कार्यालय का उद्घाटन शुक्रवार को सम्राट अशोक भवन, नया बाजार में किया गया। इस अवसर पर बिहार पारा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला इकाई का गठन तथा बिहार एसोसिएशन ऑफ पर्सन्स विथ डिसएबिलिटी (बीएपीडी) लखीसराय इकाई का वार्षिक अधिवेशन भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. शिवाजी कुमार थे, जबकि उद्घाटन नगर परिषद लखीसराय के सभापति अरविंद पासवान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, खेल प्रेमी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के दिव्यांग खिलाड़ियों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना, उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ना, प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं में भागीदारी सुनिश्चित करना तथा जिला स्तर पर पारा स्पोर्ट्स की मजबूत संरचना विकसित करना रहा। साथ ही दिव्यांगजनों के अधिकारों, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर सर्वसम्मति से 13 सदस्यीय जिला कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया। समिति में सुनील कुमार को जिला अध्यक्ष, नरेश कुमार चौधरी को जिला सचिव, आदित्य कुमार सिद्धांत और ओम प्रकाश को जिला उपाध्यक्ष, राहुल कुमार और रीना कुमारी को संयुक्त सचिव, सौरव कुमार को कोषाध्यक्ष तथा राधिका रानी को महिला प्रकोष्ठ प्रभारी बनाया गया। इसके अलावा अशोक रजक, धीरेन्द्र कुमार, अधिवक्ता अरुण कुमार और डॉ. एस.एन. भारती को कार्यकारिणी सदस्य तथा ललित कुमार को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अपने संबोधन में डॉ. शिवाजी कुमार ने कहा कि पारा स्पोर्ट्स केवल खेल का माध्यम नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों के आत्मविश्वास, सम्मान और सामाजिक पहचान को मजबूत करने का सशक्त जरिया है। उन्होंने कहा कि लखीसराय जिला पारा स्पोर्ट्स एसोसिएशन का गठन जिले के खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेगा। वहीं अरविंद पासवान ने कहा कि दिव्यांगजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके विकास के लिए समाज तथा प्रशासन को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने नगर परिषद की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।कार्यक्रम में वक्ताओं ने दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए खेल, शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही नवगठित समिति को जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों तक संगठन का विस्तार करने, नए खिलाड़ियों की पहचान करने तथा नियमित प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का सुझाव दिया गया।
नवगठित पदाधिकारियों ने दिव्यांग खिलाड़ियों के पंजीकरण, प्रशिक्षण, खेल सामग्री उपलब्ध कराने, सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन लखीसराय जिला पारा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी ललित कुमार ने किया, जबकि अंत में ओम प्रकाश स्नेही ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, खेल प्रेमी, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने लखीसराय को बिहार के अग्रणी पारा स्पोर्ट्स जिलों में शामिल कराने तथा दिव्यांग खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।