योग से स्वस्थ जीवन का संकल्प, एलएस कॉलेज में उत्साह के साथ मना अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
- Post By Admin on Jun 21 2026
मुजफ्फरपुर : लंगट सिंह कॉलेज एवं प्रजापिता ब्रह्मकुमारी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को कॉलेज परिसर में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। आयुष मंत्रालय द्वारा घोषित इस वर्ष की वैश्विक थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. कनुप्रिया ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन की निरंतरता, मानसिक संतुलन और दीर्घायु का आधार है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम यह संदेश देती है कि योग जीवन के हर चरण में ऊर्जा, मानसिक दृढ़ता और रचनात्मकता को बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। योग न केवल जीवनकाल (लाइफस्पैन) बल्कि स्वस्थ जीवनकाल (हेल्थस्पैन) को भी बढ़ाता है, जिससे व्यक्ति सक्रिय और सम्मानजनक वृद्धावस्था की ओर अग्रसर होता है।प्राचार्या ने कहा कि भारतीय संस्कृति सदैव 'वसुधैव कुटुंबकम्' के सिद्धांत पर आधारित रही है और योग के वैश्विक एवं आध्यात्मिक महत्व के कारण आज भारत पूरी दुनिया का मार्गदर्शन कर रहा है।
इस अवसर पर योग विशेषज्ञ बीके डॉ. फणीश चन्द्र ने आयुष मंत्रालय के कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। वहीं बीके पद्मा बहन और बीके मीणा बहन ने उपस्थित लोगों को राजयोग ध्यान का अभ्यास कराते हुए मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और तनाव मुक्ति के उपाय बताए। कार्यक्रम में दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. आनंद कुमार, संजीव चौधरी, गुरु प्रसाद कश्यप, बीके हनुमान मिश्रा सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।