अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बीआरएबीयू में सामूहिक योगाभ्यास, प्रतिभागियों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प
- Post By Admin on Jun 21 2026
मुजफ्फरपुर : बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (बीआरएबीयू) के नवीन अतिथि गृह परिसर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय योग शिविर के अंतिम दिन भव्य योगाभ्यास एवं विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कुलपति के निर्देश एवं उनकी अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय परिवार के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:30 बजे मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। प्रसारण के माध्यम से योग को जन-आंदोलन बनाने, मानसिक शांति, ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को मजबूत करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। लाइव प्रसारण के उपरांत सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। शिविर के मुख्य योग प्रशिक्षक रितेश कुमार ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का सरल एवं प्रभावी ढंग से अभ्यास कराया। उन्होंने कई उन्नत एवं चुनौतीपूर्ण योग मुद्राओं का प्रदर्शन भी किया, जिसे उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलानुशासक प्रो. रबीन्द्र कुमार चौधरी ने कहा कि आज के तनावपूर्ण जीवन में मानसिक शांति और संतुलन के लिए योग से बेहतर कोई उपाय नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की समन्वयक डॉ. अनुराधा पाठक ने कहा कि योग अनुशासन, सेवा और सकारात्मक जीवन मूल्यों का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि एनएसएस स्वयंसेवकों ने योग के महत्व को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया है। कुलानुशासक प्रो. रबीन्द्र कुमार चौधरी एवं एनएसएस समन्वयक डॉ. अनुराधा पाठक के सफल संचालन में आयोजित यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कुलपति ने छात्र-छात्राओं की अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए इसे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय बताया।
इस अवसर पर प्रो. लल्लन झा, प्रो. नवेदुल हक, प्रो. अरविंद कुमार, डॉ. पुष्पा, डॉ. विदिशा सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस योग शिविर में करीब 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर स्वस्थ जीवन और योग को अपनाने का संकल्प लिया।