अखंड भारत संकल्प दिवस पर पीपल-बरगद का पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

  • Post By Admin on Aug 14 2026
अखंड भारत संकल्प दिवस पर पीपल-बरगद का पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

लखीसराय: चानन प्रखंड के इटौन स्थित एवन क्लासेस परिसर में अखंड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर पर्यावरण भारती द्वारा पीपल और बरगद के पौधों का पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी शक्ति कुमार महतों ने किया, जबकि सहयोग रणजीत कुमार महतों ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने अखंड भारत की अवधारणा और भारत के प्राचीन इतिहास पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त 1947 की मध्यरात्रि को भारत का अंतिम विभाजन हुआ था और इस दिन को संकल्प दिवस के रूप में मनाते हुए राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का प्रयास किया जाता है।

उन्होंने विष्णु पुराण में वर्णित श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि समुद्र के उत्तर और हिमालय के दक्षिण स्थित भूभाग को भारत कहा गया है तथा यहां रहने वाले सभी लोग भारतीय हैं। उन्होंने भारत के प्राचीन नामों, आर्यावर्त और भारत की ऐतिहासिक अवधारणा पर भी प्रकाश डाला। राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि प्राचीन काल में राजा भरत तथा बाद में चंद्रगुप्त मौर्य ने विभिन्न क्षेत्रों को एकजुट कर अखंड भारत की भावना को मजबूत किया था। उन्होंने मौर्य साम्राज्य के विस्तार और पाटलिपुत्र की ऐतिहासिक भूमिका का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि भारत को भविष्य में ज्ञान, विज्ञान और शक्ति के क्षेत्र में विश्व में अग्रणी बनना होगा। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को भी राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की। पौधारोपण कार्यक्रम में सरिता शंकर, सत्येंद्र ओझा, जितेंद्र, शक्ति कुमार महतों, रणजीत कुमार महतों, पवन रंजन, शैलेन्द्र, राकेश, अक्षत राज सहित कई लोगों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।