ओमान के पास रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य में पनामा के झंडे वाले LPG टैंकर MT Tara Gas पर मिसाइल हमले के बाद भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। जहाज पर 24 भारतीय नागरिक सवार थे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, 21 भारतीयों को सुरक्षित निकालकर ओमान के खासाब में पहुंचाया गया है, जबकि दो घायल नाविकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक भारतीय नागरिक अभी लापता है।
भारत सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारतीय दूतावास ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर लापता नाविक की तलाश और बचाव अभियान पर नजर रख रहा है। भारत ने व्यावसायिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने पर गंभीर चिंता जताई है।
होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति के लिए बेहद अहम समुद्री मार्ग है। यहां जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों से अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। भारत ने समुद्री मार्गों पर सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने की मांग की है।
•खबर की तस्वीर सांकेतिक है.














