औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले में एक निजी अस्पताल में गर्भवती महिला के इलाज को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि महिला को दूसरे अस्पताल में रेफर किए जाने के फैसले पर आपत्ति जताने के बाद सिकंदर खान के साथ अस्पताल संचालक डॉक्टर और उसके सहयोगियों ने मारपीट की।

रफीगंज थाना क्षेत्र के चरकुप्पा गांव निवासी सिकंदर खान 10 नवंबर की रात अपने एक परिचित के साथ नोनिया टीला स्थित केपी मेमोरियल अस्पताल पहुंचे थे। वहां एक गर्भवती महिला भी भर्ती थी, जिसे खून की कमी बताकर दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई थी। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। परिजनों का आरोप है कि सिकंदर को अस्पताल के अंदर ले जाकर हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से पीटा गया। गंभीर हालत में उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल, फिर गया और अंततः पटना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। 14 नवंबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, अस्पताल संचालक डॉक्टर रंजीत कुमार यादव और एक कंपाउंडर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। अन्य तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है। युवक की मौत के बाद प्राथमिकी में हत्या की धारा भी जोड़ी गई है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।