वाराणसी : जिले के भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित दुर्गाकुंड में बाइक सवार बदमाशों ने गुजरात से काशी दर्शन करने आई एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात एसीपी कार्यालय के ठीक बाहर हुई, जिसके बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, गुजरात निवासी महिला छठ पूजा और काशी दर्शन के लिए वाराणसी आई हुई थीं। मंदिरों में दर्शन और बाजार में खरीदारी के बाद वह ई-रिक्शा से अपने होटल लौट रही थीं। इसी दौरान काली पल्सर बाइक पर सवार दो युवक पीछे से आए और झपट्टा मारकर उनके गले से करीब पांच से छह ग्राम की सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। भेलूपुर पुलिस और कमांड सेंटर की टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
पुलिस कार्यालय के नजदीक हुई इस वारदात ने शहर में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
• खबर की तस्वीर सांकेतिक है.
















