लखीसराय : किऊल जंक्शन से गुजरने और यहां से प्रस्थान करने वाली ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। मंगलवार को यात्रियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी), वाणिज्य विभाग और परिचालन विभाग के कर्मियों ने आपसी समन्वय के साथ निगरानी व्यवस्था संभाली।
स्टेशन पर ट्रेनों में चढ़ने और उतरने वाले यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। रेलवे की ओर से भीड़ अधिक होने की स्थिति में यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से संबंधित कोच में प्रवेश कराने के लिए होल्डिंग एरिया की व्यवस्था भी की गई है।
हालांकि, 17 नवंबर को किऊल स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ कम रहने के कारण होल्डिंग एरिया की आवश्यकता महसूस नहीं हुई। रेलवे के विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाकर सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर नजर रखी जा रही है।
















