लखीसराय : जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विद्यानंद सागर ने मंगलवार को मंडल कारा, लखीसराय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, विधिक सहायता और कारा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ डीएलएसए एवं एलएडीसीएस कर्मी ललिता शाही और सदानंद कुमार भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने बंदियों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि जो बंदी आर्थिक स्थिति के कारण अपने खर्च पर अधिवक्ता नियुक्त करने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए जरूरतमंद बंदी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन दे सकते हैं।

सचिव ने मंडल कारा परिसर में संचालित अस्पताल, विभिन्न वार्डों और कक्षों का भी निरीक्षण किया। बंदियों से भोजन व्यवस्था के संबंध में पूछताछ की गई, जिस पर उन्होंने संतोष जताया। महिला वार्ड का निरीक्षण कर वहां रह रही महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी जानकारी ली गई। निरीक्षण के अंत में कारा अधीक्षक को बंदियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं और समुचित व्यवस्थाएं लगातार सुनिश्चित रखने का निर्देश दिया गया।