लखीसराय : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (बालसा), पटना और जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), लखीसराय के निर्देश पर जिले में नशामुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित विधिक जागरूकता कार्यक्रम के तहत चानन प्रखंड के श्रींगरपुर गांव स्थित लक्ष्य पुस्तकालय में शिविर लगाया गया।
कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम तथा सचिव सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विद्यानंद सागर के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। शिविर का विषय ‘नालसा (डान) योजना-2025 : नशा से जागरूकता और कल्याण मार्गदर्शन-एक नशामुक्त भारत के लिए’ था।
शिविर में बच्चों को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता सितेश सुधांशु ने नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति और समाज दोनों के लिए नुकसानदायक है। नशे की लत कई तरह की बुराइयों और अपराधों को बढ़ावा देती है। इसलिए बच्चों को नशे से दूर रहकर अच्छी आदतें अपनानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई पर ध्यान देने, गलत संगति और बुरी आदतों से बचने तथा शिक्षा के माध्यम से अपना भविष्य उज्ज्वल बनाने की अपील की।
मौके पर पराविधिक स्वयंसेवक नीरज कुमार, प्रिंस कुमार सिंह, सौरभ कुमार, आयुष कुमार, गौरव कुमार, शिवानी कुमारी सहित कई विद्यार्थी उपस्थित थे।
















