लखीसराय में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, शहीद स्थल पर मोमबत्ती जलाकर दी गई श्रद्धांजलि
- Post By Admin on Aug 14 2026
लखीसराय: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से लखीसराय जिला प्रशासन की ओर से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत केआरके मैदान स्थित टाउन हॉल से हुई, जहां प्रतिभागियों ने राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान में सहभागिता कर देश के प्रति सम्मान प्रकट किया। इसके बाद जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन में तिरंगा यात्रा को रवाना किया गया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए छात्र-छात्राओं और अन्य प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।

यात्रा के दौरान राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया गया। शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई तिरंगा यात्रा लखीसराय रेलवे स्टेशन के समीप स्थित शहीद स्थल पहुंची। यहां देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों की स्मृति में मोमबत्तियां प्रज्ज्वलित की गईं और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के बलिदान को याद रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का आह्वान किया।

शहीद स्थल पर उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं और आमजन में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति तथा शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। जिला प्रशासन के अनुसार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत लखीसराय जिले के सभी प्रखंडों में भी तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। विभिन्न प्रखंडों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा निकाली।
इन आयोजनों के माध्यम से जिलेभर में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और तिरंगे के सम्मान तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को अपने घर-घर तक पहुंचाएं।