एचआईवी जागरूकता अभियान को तेज करने का निर्देश, डीडीसी ने विभागों को दिए समन्वित कार्रवाई के आदेश
- Post By Admin on Aug 14 2026
लखीसराय: जिले में एचआईवी संक्रमण की रोकथाम और आमजनों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उप विकास आयुक्त सुमित कुमार की अध्यक्षता में जन-जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों, समय पर जांच, उपचार और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाने पर जोर दिया गया। बैठक में सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि वे अपने कार्यालयों के साथ-साथ क्षेत्रीय स्तर पर कार्यरत कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं, जीविका दीदियों और अन्य सामुदायिक कार्यकर्ताओं को एचआईवी संक्रमण से बचाव, जांच और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की समुचित जानकारी उपलब्ध कराएं।

निर्देश दिया गया कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता गृह भ्रमण, सामुदायिक बैठकों और सामाजिक गतिविधियों के दौरान लोगों को एचआईवी से बचाव के वैज्ञानिक उपायों के बारे में जागरूक करेंगे। साथ ही यह भी बताया जाएगा कि संक्रमण किन माध्यमों से फैलता है और किन माध्यमों से नहीं फैलता, ताकि समाज में फैली गलत धारणाओं को दूर किया जा सके। बैठक में इस बात पर भी बल दिया गया कि संदिग्ध स्थिति में लोगों को समय पर जांच कराने, चिकित्सकीय परामर्श लेने और आवश्यक उपचार शुरू कराने के लिए प्रेरित किया जाए। एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव न करने और उन्हें सामाजिक सहयोग प्रदान करने की अपील भी की जाएगी।

उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने कहा कि जागरूकता ही एचआईवी संक्रमण की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक से अधिक लोगों तक सही एवं वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाने का निर्देश दिया। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा जन-जागरूकता गतिविधियों को गांव-गांव और समुदाय स्तर तक पहुंचाने पर चर्चा की गई। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि एचआईवी को लेकर जागरूकता बढ़े, समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित हो तथा समाज में भेदभाव के बजाय सहयोग और संवेदनशीलता का वातावरण विकसित हो।