लखीसराय : राजकीय हसनपुर उच्च विद्यालय में मंगलवार को ‘रेमेडियल क्लासेज–संकल्प संध्या’ कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने किया। इस पहल के तहत जिले के चयनित छात्र-छात्राओं को अतिरिक्त शैक्षणिक मार्गदर्शन और विशेष कक्षाओं का लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान डीएम ने विद्यार्थियों को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने और जीवन में अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए केवल पढ़ाई करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही तकनीक और रणनीति के साथ अध्ययन करना भी जरूरी है। विद्यार्थियों को नियमित समय-सारणी बनाकर पढ़ाई करने और समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन, सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के बिना किसी भी लक्ष्य को हासिल करना कठिन है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता पहचानकर भविष्य के क्षेत्र का चयन करना चाहिए। जिस विषय में उनकी विशेष रुचि हो, उसी दिशा में मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।
डीएम ने बताया कि ‘संकल्प संध्या’ कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक कमियों को दूर करना और विषयों की समझ मजबूत करना है। इसके माध्यम से उनमें आत्मविश्वास, पढ़ाई के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे बेहतर भविष्य के लिए तैयार हो सकें।कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, वरीय कोषागार पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
















