जीविका और बरौनी डेयरी के संयुक्त प्रयास से पशु सखियों को मिला डेयरी प्रबंधन का प्रशिक्षण
- Post By Admin on Jun 24 2026
लखीसराय : ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और डेयरी आधारित आजीविका को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जीविका, लखीसराय एवं बरौनी डेयरी, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में जिला कार्यालय स्थित जीविका सभागार में पशु सखियों के लिए एक दिवसीय गैर-आवासीय डेयरी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पशु सखियों की क्षमता वृद्धि करना और उन्हें आधुनिक डेयरी प्रबंधन से संबंधित तकनीकी जानकारी प्रदान करना था, ताकि वे ग्रामीण क्षेत्रों में डेयरी विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ परिवारों की आय में वृद्धि में प्रभावी भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को डेयरी प्रबंधन, पशु स्वास्थ्य, स्वच्छ दुग्ध उत्पादन, पशु पोषण एवं आहार प्रबंधन तथा डेयरी आधारित आजीविका संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञों ने व्यावहारिक जानकारी साझा करते हुए बेहतर पशुपालन और दूध उत्पादन की आधुनिक तकनीकों पर भी चर्चा की।
प्रशिक्षण के समापन पर सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में बरौनी डेयरी, बेगूसराय से प्रशिक्षक कुमार अखिलेश मोहन, रॉली प्रिया एवं डॉ. कुंदन कुमार ने प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक श्रीमती अनीता कुमारी, प्रबंधक (पशुधन) रोहित कुमार एवं प्रबंधक (कृषि) रोहित कुमार ने भी डेयरी विकास कार्यक्रम की आवश्यकता, महत्व और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में इसकी भूमिका पर विस्तार से अपने विचार रखे।