न्यायिक प्रक्रियाओं में तेजी लाने को डीएम ने कसी लगाम, समयबद्ध रिपोर्टिंग पर जोर

  • Post By Admin on Jun 24 2026
न्यायिक प्रक्रियाओं में तेजी लाने को डीएम ने कसी लगाम, समयबद्ध रिपोर्टिंग पर जोर

लखीसराय : जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को अभियोजन से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें न्यायालयों में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, स्पीडी ट्रायल में तेजी लाने और अभियोजन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी विधि पदाधिकारियों को नियमानुसार प्रशिक्षण की प्रक्रिया समय पर पूरी करने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित न्यायालयों से बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने साक्ष्य एवं बहस के स्तर पर लंबित मामलों को प्राथमिकता देते हुए उनकी अद्यतन जानकारी समाहरणालय को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति (डीएलएमसी) की बैठक में उनकी समीक्षा की जा सके। अन्य कारणों से लंबित मामलों की विस्तृत सूची भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या आने पर संबंधित पदाधिकारी सीधे उनसे समन्वय स्थापित करें। साथ ही पुलिस अधीक्षक को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान यह भी सामने आया कि विभागीय स्तर पर अपेक्षित मासिक प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे उच्च स्तर पर रिपोर्ट भेजने में विलंब हो रहा है। इस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने लोक अभियोजक, विशेष लोक अभियोजकों एवं सभी विधि पदाधिकारियों को प्रत्येक माह की 2 तारीख तक निर्धारित प्रपत्र में अद्यतन मासिक प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।स्पीडी ट्रायल से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने संबंधित न्यायालय के रिक्त रहने के कारण हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की और लंबित मामलों में जल्द से जल्द आरोप गठन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए थाना-वार नोटिस एवं वारंट की सूची तैयार कर चौकीदारों के माध्यम से तामिला कराने तथा लंबित नोटिसों के निष्पादन के लिए पुलिस अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा जिला पदाधिकारी ने सिविल सर्जन लखीसराय को लंबित इंजरी रिपोर्ट्स संबंधित न्यायालयों एवं विधि पदाधिकारियों को समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जा सके। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, वरीय उपसमाहर्ता (जिला विधि शाखा) प्राची कुमारी, पुलिस उपाधीक्षक लखीसराय, जिला अभियोजन पदाधिकारी, सभी विशेष लोक अभियोजक तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।