पटना : राजधानी पटना के राजेन्द्र नगर स्थित शाखा मैदान परिसर में रविवार को "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत पर्यावरण भारती द्वारा लीची का पौधारोपण किया गया। यह आयोजन दिवंगत लक्ष्मी देवी की पुण्य स्मृति को समर्पित रहा, जिनकी बहू श्रीमती सुनीता कुमारी ने श्रद्धांजलि स्वरूप इस वृक्षारोपण की शुरुआत की।
कार्यक्रम का नेतृत्व पटना महानगर पर्यावरण भारती की नारी शक्ति प्रमुख एवं चार्टर्ड एकाउंटेंट ऋचा कुमारी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक सामाजिक जिम्मेदारी है और हर नागरिक को इस दिशा में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
ऋचा कुमारी मूल रूप से कुम्हरार (पटना महानगर) की निवासी हैं। उनके पिता श्री प्रमोद कुमार, माता श्रीमती सुनीता कुमारी और छोटे भाई इंजीनियर शुभम कुमार सहित पूरा परिवार इस अवसर पर उपस्थित रहा। कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि स्वर्गीय वासुदेव गोप एक सामाजिक कार्यकर्ता रहे हैं, जबकि स्व. लक्ष्मी देवी धर्मपरायण महिला थीं, जिनकी स्मृति में यह पौधारोपण हुआ।
कार्यक्रम में उपस्थित पर्यावरण भारती के संस्थापक और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक रामबिलास शांडिल्य ने कहा कि “वृक्ष वास्तव में भोलेनाथ का ही रूप हैं। जैसे शिवजी ने सावन मास में विषपान कर मानवता की रक्षा की, वैसे ही वृक्ष वायुमंडल से कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं।”
उन्होंने यह भी अपील की कि यदि भारत के 140 करोड़ नागरिक सावन मास में एक-एक पौधा लगाएं तो बिना सरकारी सहायता के 140 करोड़ पौधे लगाना संभव है।
इस अवसर पर पौधारोपण में ऋचा कुमारी, सुनीता कुमारी, प्रमोद कुमार, इंजीनियर शुभम कुमार, विकास कुमार, रामबिलास शांडिल्य, क्रिकेटर राहुल कुमार, सूरज कुमार, अमित कुमार, विराट कुमार, विनीत कुमार सहित कई गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।




















