मुजफ्फरपुर में पीएनजी पाइपलाइन फटने से हड़कंप, गैस रिसाव से पांच छात्राएं बेहोश

  • Post By Admin on Jul 17 2026
मुजफ्फरपुर में पीएनजी पाइपलाइन फटने से हड़कंप, गैस रिसाव से पांच छात्राएं बेहोश

मुजफ्फरपुर : जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ में शुक्रवार को बुडको द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। खुदाई के दौरान जेसीबी से पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे तेज गैस रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और एहतियातन आसपास के स्कूलों में तत्काल छुट्टी घोषित कर दी गई।

गैस रिसाव की चपेट में आने से वहां से गुजर रही पांच स्कूली छात्राएं दम घुटने के कारण बेहोश हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी छात्राओं को तत्काल मुशहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी छात्राओं की हालत फिलहाल स्थिर है। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार बेहोश होने वाली छात्राओं में दसवीं कक्षा की दिव्या, नाहिद, अमृता और राखी तथा ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा विशाखा शामिल हैं। गैस रिसाव के कारण सभी को सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसके बाद वे बेहोश हो गईं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुडको की ओर से नाला निर्माण के लिए खुदाई का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान जेसीबी की खुदाई से पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और गैस का तेजी से रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही देर में आसपास का क्षेत्र गैस से भर गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और गैस पाइपलाइन ऑपरेटर की तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। तकनीकी टीम ने तत्काल गैस आपूर्ति बंद कर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत शुरू कर दी।

प्रशासन ने आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और सतर्कता बरतने की सलाह दी। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन यह पता लगा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं तथा किन परिस्थितियों में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।