प्रसाद हॉस्पिटल अग्निकांड पर ऑक्सीजन बाबा ने जताया दु:ख, निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग
- Post By Admin on Jun 04 2026
मुजफ्फरपुर: शहर के प्रसाद हॉस्पिटल में हुए भीषण अग्निकांड में कई मरीजों की दर्दनाक मौत के बाद पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस हादसे ने एक बार फिर अस्पतालों की फायर सेफ्टी व्यवस्था और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार गुरु के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अविनाश तिरंगा उर्फ “ऑक्सीजन बाबा” ने गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यदि अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन होता और समय-समय पर निष्पक्ष जांच की जाती, तो शायद इतनी बड़ी त्रासदी टाली जा सकती थी। डॉ. अविनाश तिरंगा ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने, घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं केवल हादसे नहीं हैं, बल्कि यह पूरे सिस्टम की लापरवाही और उदासीनता को उजागर करती हैं।
उन्होंने अपने बयान में कहा, “यह हादसा केवल दुर्घटना नहीं, बल्कि व्यवस्था को आईना दिखाने वाली घटना है।” साथ ही उन्होंने प्रशासन से जिले के सभी निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और बहुमंजिला संस्थानों की फायर सेफ्टी जांच तत्काल कराने की मांग की। ऑक्सीजन बाबा ने कहा कि आम लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
उन्होंने जिला प्रशासन पर कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि मुआवजे के नाम पर जो चंद रुपए दिए गए हैं वह काफी कम है। क्योंकि परिजन पहले ही इलाज करवाने के कारण अपना सबकुछ दांव पर लगा चुके हैं ऐसे में मृतक के बच्चें किसपर आश्रित हो पाएंगे? उन्होंने बिहार सरकार से अपील करते हुए परिजनों को 20 लाख रुपए की सहायता राशि देने का आग्रह किया है ।