अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एमआईटी मुजफ्फरपुर में 150 से अधिक युवाओं ने किया योगाभ्यास

  • Post By Admin on Jun 21 2026
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एमआईटी मुजफ्फरपुर में 150 से अधिक युवाओं ने किया योगाभ्यास

मुजफ्फरपुर: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat), मुजफ्फरपुर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा एमआईटी (मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी), मुजफ्फरपुर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 150 से अधिक युवा स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग और प्राणायाम का अभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमआईटी के प्राचार्य प्रो. मिथिलेश कुमार झा थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सिविल इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. विजय कुमार, मेरा युवा भारत की जिला युवा अधिकारी (DYO) बुशरा रहमान तथा सहायक प्रशाखा अधिकारी चन्देश्वर पाण्डेय उपस्थित रहे। योग शिक्षक जन्मेजय कुमार ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। इस वर्ष की अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "365 Yoga for Healthy Ageing" के अनुरूप सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे युवा क्लबों एवं MY Bharat के स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

योग प्रशिक्षकों ने योग के वैज्ञानिक, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी देते हुए नियमित अभ्यास की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी सहायक है। प्राचार्य प्रो. मिथिलेश कुमार झा ने अपने संबोधन में कहा कि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। जिला युवा अधिकारी बुशरा रहमान ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है और स्वस्थ जीवन के लिए इसका नियमित अभ्यास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से फिट, सक्रिय और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन "स्वस्थ भारत" के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। आयोजन की सफलता में MY Bharat के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।