नशे के खिलाफ प्रशासन की पहल, अधिकारियों ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प

  • Post By Admin on Jun 20 2026
नशे के खिलाफ प्रशासन की पहल, अधिकारियों ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प

लखीसराय : समाज कल्याण विभाग, बिहार द्वारा संचालित “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत शनिवार को समाहरणालय परिसर, लखीसराय में हस्ताक्षर अभियान (सिग्नेचर कैंपेन) का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

गौरतलब है कि राज्यभर में यह अभियान 17 जून से 26 जून 2026 तक चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित हस्ताक्षर अभियान में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग धीरज कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हस्ताक्षर कर नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। साथ ही नशामुक्त भारत के संकल्प को सशक्त बनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। इससे न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नशामुक्त, स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम के माध्यम से नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया।