विश्व पर्यावरण दिवस पर युवाओं ने दिया हरियाली बचाने का संदेश
- Post By Admin on Jun 05 2026
मुजफ्फरपुर: मेरा युवा भारत, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में वीर वॉरियर यूथ क्लब द्वारा गुरुवार को मुखर्जी सेमिनरी हाई स्कूल परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छ वातावरण के प्रति युवाओं को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला युवा अधिकारी बुशरा रहमान उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मुखर्जी सेमिनरी एनसीसी एएनओ बालमुकुंद कुमार एवं सहायक प्रशाखा अधिकारी चन्देश्वर पाण्डेय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में जिला युवा अधिकारी बुशरा रहमान ने कहा कि जिस प्रकार जीवन के लिए जल आवश्यक है, उसी प्रकार स्वच्छ हवा भी स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे एनसीसी एएनओ बालमुकुंद कुमार ने कहा कि प्रत्येक युवा को कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक का कर्तव्य है।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण, क्विज प्रतियोगिता और सेमिनार जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने युवाओं को देशभक्ति, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति भी प्रेरित किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्व राष्ट्रीय स्वयंसेवक चंदन कुमार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक धर्मेन्द्र कुमार, राजा कुमार मुशहरी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक कुमारी गीताजंली, मरवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संतोष कुमार मीनापुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इसके अलावा वीर वॉरियर यूथ क्लब की अध्यक्ष साक्षी कुमारी एवं अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प भी लिया गया।