मुजफ्फरपुर अग्निकांड पर भावुक हुए प्रशांत किशोर, बोले- ऐसे बेशर्म नेताओं से बिहार को क्या मिलेगा?
- Post By Admin on Jun 05 2026
गोपालगंज: जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने गोपालगंज में आयोजित मीडिया ब्रीफिंग के दौरान बिहार सरकार, स्वास्थ्य व्यवस्था और राजनीतिक नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पिटल में हुए भीषण अग्निकांड को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
प्रशांत किशोर ने कहा कि मुजफ्फरपुर अस्पताल में हुई घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि “जन सुराज परिवार की ओर से हम सभी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो चुकी है और आम लोगों की जिंदगी भगवान भरोसे चल रही है। मीडिया से बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने बिहार सरकार के कई मंत्रियों और नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने मिथिलेश तिवारी और सम्राट चौधरी का नाम लेते हुए कहा कि “ऐसे लोग जिनका चाल, चरित्र और चेहरा समाज के सामने बिल्कुल स्पष्ट है, अगर उन्हें स्वास्थ्य मंत्री, शिक्षा मंत्री या मुख्यमंत्री बनाया जाएगा तो बिहार को उनसे क्या अच्छा मिलने वाला है?” उन्होंने कहा कि राज्य की वर्तमान स्थिति नेतृत्व की विफलता का परिणाम है।
मुख्यमंत्री के “फिजिक्स यूनिवर्सिटी” खोलने संबंधी बयान पर भी प्रशांत किशोर ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दुनिया में कहीं “फिजिक्स की यूनिवर्सिटी” नहीं है, लेकिन बिहार में ऐसे दावे किए जा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “जो लोग खुद जिस पीएफसी कोर्स को पास करने का दावा करते हैं, उसे भी पास नहीं कर पाए, वे अब बिहार को नई दिशा देने की बातें कर रहे हैं।” प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की जनता को अब केवल नारों और घोषणाओं से काम नहीं चलेगा। उन्होंने युवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दों पर गंभीर राजनीतिक बदलाव की जरूरत बताते हुए कहा कि जनता को अब जाति और चेहरे की राजनीति से ऊपर उठकर राज्य के भविष्य के बारे में सोचना होगा।