पोलियो मुक्त भारत की ओर बड़ा कदम, लखीसराय में घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम

  • Post By Admin on Jun 18 2026
पोलियो मुक्त भारत की ओर बड़ा कदम, लखीसराय में घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीम

लखीसराय: पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए स्वास्थ्य विभाग लखीसराय आगामी 28 जून से 2 जुलाई 2026 तक जिलेभर में सघन पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान चलाएगा। अभियान के दौरान जन्म से लेकर पांच वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए जीवनरक्षक दो बूंद दवा पिलाई जाएगी।

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार भारती ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही सभी चिकित्सा पदाधिकारियों को माइक्रो प्लान तैयार करने का निर्देश दिया गया है, ताकि अभियान के दौरान कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि पोलियो एक गंभीर और दिव्यांगता पैदा करने वाली बीमारी है, जिससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर पोलियो की खुराक देना है। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाएंगी। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि यदि उनके घर में पांच वर्ष से कम आयु का कोई भी बच्चा है तो उसे हर हाल में पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य विभाग की टीम का सहयोग करने और बच्चों से संबंधित सही जानकारी उपलब्ध कराने की भी अपील की।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लखीसराय के स्वास्थ्य प्रबंधक निशांत राज ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचकर उसे पोलियो से सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि "हर बच्चा, हर बार" की भावना के साथ यह अभियान संचालित किया जाएगा, ताकि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रह जाए। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। विभाग का संदेश है कि "दो बूंद जिंदगी की" केवल एक नारा नहीं, बल्कि बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।