मुजफ्फरपुर में आयोजित छात्र संवाद में राष्ट्र निर्माण और नैतिक शिक्षा पर बल
- Post By Admin on May 22 2026
मुजफ्फरपुर : बिहार बाल भवन किलकारी, जिला स्कूल छात्रावास परिसर, चर्च रोड मुजफ्फरपुर में शुक्रवार को शांति सेना मुजफ्फरपुर द्वारा छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शांति सेना के राष्ट्रीय संयोजक एवं सर्व सेवा संघ प्रकाशन के संयोजक अशोक भारत ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्रों को संबोधित किया।
अशोक भारत ने कहा कि शिक्षा का मुख्य उद्देश्य व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति का व्यवहार, आचरण और विचार ही उसके व्यक्तित्व की पहचान होते हैं। मनुष्य के अच्छे और बुरे कार्यों का समग्र प्रभाव उसके व्यक्तित्व का निर्माण करता है। उन्होंने छात्रों से सत्य, प्रेम, करुणा, ईमानदारी और भाईचारे जैसे मानवीय गुणों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा की ताकत के बल पर महात्मा गांधी ने ब्रिटिश साम्राज्यवाद के खिलाफ स्वतंत्रता आंदोलन का सफल नेतृत्व किया था। सकारात्मक सोच और नैतिक मूल्यों को अपनाकर ही बेहतर समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है।
अशोक भारत ने भारत की विविधता को देश की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि विभिन्न भाषा, धर्म और जातियों के लोग यहां मिल-जुलकर रहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है जहां चार प्रमुख धर्मों का उद्गम हुआ और सभी प्रमुख धर्मों के लोग यहां निवास करते हैं। विविधता में एकता की इस ताकत का उपयोग देश के नवनिर्माण और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में शांति सेना मुजफ्फरपुर के संयोजक सोनू सरकार, लोक कलाकार सुनील कुमार, शंभु मोहन प्रसाद तथा नृत्य प्रशिक्षक अमन कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान बिहार बाल भवन के बच्चों ने अतिथियों का टीका-चंदन लगाकर स्वागत किया। कार्यक्रम का स्वागत भाषण प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक पूनम कुमारी ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूर्णिमा बाला, सीआरपी कमीशनरी रिसोर्स पर्सन द्वारा किया गया।