आर्य समाज प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचेतक से की मुलाकात, वैदिक संस्कृति के प्रचार पर बल

  • Post By Admin on May 22 2026
आर्य समाज प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचेतक से की मुलाकात, वैदिक संस्कृति के प्रचार पर बल

मुजफ्फरपुर : बिहार विधानसभा के मुख्य सचेतक एवं बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान डॉ. संजीव चौरसिया का शुक्रवार को जिला अतिथि गृह (सर्किट हाउस) में आर्य समाज मुजफ्फरपुर के प्रतिनिधिमंडल द्वारा भव्य स्वागत किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें शॉल, अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और फूल-मालाएं भेंट कर हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

आर्य समाज मुजफ्फरपुर के छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में आर्य प्रतिनिधि सभा, बिहार के वरिष्ठ उपप्रधान प्रो. डॉ. व्यास नन्दन शास्त्री वैदिक, आर्य समाज मुजफ्फरपुर के प्रधान विमल किशोर उप्पल, मंत्री मनोज कुमार चौधरी, कोषाध्यक्ष रमेश कुमार दानापुरी, पूर्व कोषाध्यक्ष भागवत प्रसाद आर्य तथा आर्य सभासद प्रदीप कुमार आर्य शामिल थे।प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. संजीव चौरसिया को आर्य समाज मुजफ्फरपुर की वर्तमान स्थिति और विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान डॉ. चौरसिया ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।

अपने संबोधन में डॉ. चौरसिया ने कहा कि सत्य सनातन वैदिक धर्म और संस्कृति के महान पुरोधा महर्षि दयानंद सरस्वती के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती ने वेदों के आधार पर मानवता, राष्ट्रधर्म और सामाजिक सुधार का संदेश पूरे विश्व को दिया। उन्होंने आर्य समाज के विद्वानों और कार्यकर्ताओं से सेवा, श्रद्धा, सत्संग, संस्कार, समर्पण और संकल्प के साथ वैदिक विचारों के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वैदिक शिक्षा और यज्ञ संस्कृति के प्रसार से समाज में सुख-शांति, सद्भाव और सुव्यवस्था कायम रह सकती है तथा आज पूरी दुनिया को भारत से इस दिशा में सीख लेने की आवश्यकता है।